समस्तीपुर, 16 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत मानसी-सहरसा रेलखंड पर बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य शुरू होने जा रहा है। कोपरिया और सिमरी बख्तियारपुर स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या-14/सी पर स्टेट हाईवे-95 के दोहरीकरण के तहत रेल उपरिगामी पुल (ROB) निर्माण के लिए गर्डर लॉन्चिंग का तकनीकी कार्य किया जाएगा। इसे लेकर सितंबर और अक्टूबर 2026 में कुल 12 दिनों तक ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेल प्रशासन के अनुसार, ब्लॉक सुबह 7:45 बजे से 9:45 बजे तक कुल 120 मिनट यानी दो घंटे का होगा। सितंबर में 18, 19, 22, 24, 26, 27 और 28 तारीख को ब्लॉक लिया जाएगा। अक्टूबर में 6, 8, 10 और 12 तारीख को भी यह कार्य जारी रहेगा।

ब्लॉक के दौरान गाड़ी संख्या 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस को सहरसा-सिमरी बख्तियारपुर के बीच 45 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 63343 सहरसा-समस्तीपुर मेमू पैसेंजर को ब्लॉक की सभी 12 तिथियों पर सहरसा से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर रवाना किया जाएगा। गाड़ी संख्या 55566 समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर को हसनपुर रोड से मानसी के बीच 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में यात्रा से पहले ट्रेनों के समय की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।आरओबी निर्माण पूरा होने के बाद स्टेट हाईवे-95 पर समपार फाटक के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। ट्रेनों के गुजरने के दौरान बार-बार फाटक बंद होने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगती थी।

ओवरब्रिज बनने के बाद सड़क यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा।इससे मानसी और सिमरी बख्तियारपुर के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, कारोबारियों और आपातकालीन वाहनों को विशेष सुविधा मिलेगी। फाटक पर रुकने से समय और ईंधन की होने वाली बर्बादी भी कम होगी। रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क वाहनों और ट्रेनों के संभावित टकराव का जोखिम भी घटेगा। साथ ही मानसी-सिमरी बख्तियारपुर मार्ग के विकास से क्षेत्रीय आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। रेल प्रशासन ने विकास कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है।















