नालंदा, 13 अक्टूबर (अविनाश पांडेय) नालंदा जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। हरनौत थाना क्षेत्र के माधोपुर सबनहुआ और बबनबिगहा समेत विभिन्न इलाकों में चलाए गए सघन छापेमारी अभियान से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 75 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद की, जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल करीब 500 लीटर कच्चे माल को नष्ट कर दिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित की गई।

इसमें हरनौत, कल्याणबिगहा, चेरो और गोकुलपुर थानों के पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने शराब निर्माण के संभावित हॉटस्पॉट में सघन तलाशी अभियान चलाया। माधोपुर सबनहुआ में करीब 200 लीटर तथा बबनबिगहा में लगभग 300 लीटर कच्चा माल बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब कारोबार में संलिप्त प्रतिमा देवी, सरिता देवी, कंचन देवी, पवन कुमार, प्रीतम मांझी और संजन मांझी को गिरफ्तार किया। इनके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है। इस तरह कुल सात लोगों पर कार्रवाई हुई है।

हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को बरामद शराब के साथ थाने लाया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अवैध शराब निर्माण और बिक्री के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय शराब कारोबारियों के बीच दहशत का माहौल है।

















