मुजफ्फरपुर, 07 अक्टूबर (संतोष गुप्ता) मुजफ्फरपुर जंक्शन के बाद अब रामदयालु स्टेशन के विकास की तैयारी तेज हो गई है। सोनपुर रेल मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल रामदयालु को बड़े और विश्वस्तरीय टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना पर रेलवे ने काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र का निरीक्षण किया। अमीन की मौजूदगी में जमीन की मापी भी शुरू कराई गई। फिलहाल रामदयालु स्टेशन पर चार रेल लाइनें हैं। विस्तार योजना के तहत यहां दो और रेल लाइनें बिछाने का प्रस्ताव है। इसके बाद स्टेशन पर कुल छह लाइनें हो जाएंगी। साथ ही एक नया प्लेटफार्म भी बनाया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन को केवल क्रासिंग या सीमित यात्री क्षमता वाले स्टेशन तक नहीं रखना, बल्कि भविष्य की यात्री और परिचालन जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है।

स्टेशन के विस्तार के लिए रेलवे को करीब साढ़े 21 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी। जमीन की स्थिति स्पष्ट करने के लिए काजीमुहम्मदपुर, कच्ची-पक्की और शेरपुर मौजा में मापी कराई जा रही है। इन क्षेत्रों में रेलवे की जमीन, उपलब्ध क्षेत्र और प्रस्तावित निर्माण की सीमा चिह्नित की जा रही है।मापी के दौरान रेलवे की जमीन पर वर्षों से बने पक्के मकानों का मामला भी सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, जमीन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस दिया जाएगा। पहले स्वेच्छा से रेलवे की जमीन खाली करने का आग्रह किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुजफ्फरपुर जंक्शन के सोनपुर रेल मंडल से अलग होकर समस्तीपुर रेल मंडल में जाने के बाद रामदयालु सोनपुर मंडल के लिए और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

इसी कारण स्टेशन की क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दो नई लाइन और नया प्लेटफार्म बनने से ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में बढ़ते रेल यातायात को संभालने में मदद मिलेगी।बताया गया कि सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम अमित सरन ने पिछले महीने विस्तार की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्देश दिया था। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग ने स्थल निरीक्षण और जमीन मापी का काम शुरू किया है।


















