समस्तीपुर, 2 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) गांधी जयंती के मौके पर लहेरियासराय स्टेशन को यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली। दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर और राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन संख्या 94803/94804 जयनगर–पटना–जयनगर ‘नमो भारत रैपिड रेल’ के लहेरियासराय स्टेशन पर ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया। ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों में खुशी का माहौल है। नए ठहराव से लहेरियासराय और आसपास के क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को पटना तथा जयनगर की तेज और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।

लंबे समय से स्थानीय स्तर पर इस ठहराव की मांग की जा रही थी। उद्घाटन समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही। इधर, गांधी जयंती और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के समापन अवसर पर लहेरियासराय स्टेशन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद गोपाल जी ठाकुर और डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने रेल अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों के साथ श्रमदान किया। दोनों सांसदों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान “स्वच्छ रेल परिसर, स्वस्थ समाज—हम सबकी जिम्मेदारी” का संदेश दिया गया। सांसदों ने कहा कि रेलवे परिसर और ट्रेनों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। यात्रियों और आम नागरिकों की भागीदारी से ही स्वच्छ रेल परिसर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।


















