नई दिल्ली, 27 सितम्बर (अशोक “अश्क”) भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अदाकारा काजल राघवानी ने रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में एंट्री लेते ही अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। 26 सितंबर से शुरू हुए शो के ग्रैंड प्रीमियर में अभिनेता और पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने सभी कंटेस्टेंट्स का परिचय कराया और उन्हें शो के आलीशान घर में भेजा। इसी दौरान काजल राघवानी ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को लेकर दिल की बात कही। शो में एंट्री से पहले वीरेंद्र सहवाग से बातचीत के दौरान काजल ने स्वीकार किया कि खेसारी आज भी उनके दिल में हैं। उन्होंने कहा कि जिस शख्स को लेकर वह बार-बार धोखा मिलने की बात करती हैं, उससे उन्होंने बेहद प्यार किया था और शायद आज भी करती हैं।

काजल के मुताबिक, इसी वजह से उनकी जिंदगी में अब भी एक तरह की निराशा है और वह चाहती हैं कि खेसारी किसी तरह उनकी जिंदगी में वापस लौट आएं। काजल की बात सुनकर शो में मौजूद स्वरा भास्कर ने सवाल किया कि क्या वह उसी शख्स को वापस चाहती हैं, जिसे वह धोखेबाज बताती रही हैं। इस पर काजल ने जवाब दिया कि उन्होंने खेसारी से बहुत प्यार किया है। इतना कहते ही वह जोर से हंसने लगीं।काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव की जोड़ी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में काफी चर्चित रही है। दोनों के बीच रिश्ते को लेकर लंबे समय तक चर्चा होती रही। मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों के करीब पांच साल तक रिलेशनशिप में रहने का दावा किया गया है। हालांकि, बाद में दोनों का रिश्ता टूट गया और ब्रेकअप के बाद विवाद भी सामने आए।

काजल ने अतीत में खेसारी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, अब वर्षों बाद रियलिटी शो के मंच पर उनके ताजा बयान ने एक बार फिर दोनों के रिश्ते को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, काजल का यह बयान उनके व्यक्तिगत अनुभव और भावनाओं पर आधारित है। ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में काजल की एंट्री के साथ ही दर्शकों की नजर अब इस बात पर है कि शो में वह आगे अपने अतीत और खेसारी के साथ रिश्ते को लेकर कितने और खुलासे करती हैं। शो में उनका यह बेबाक अंदाज पहले ही सुर्खियां बटोर चुका है।

















