समस्तीपुर, 24 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) बिहार में जमुई की घटना के बाद अब समस्तीपुर से नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो करीब 56 सेकंड का है। इसमें कुछ युवक एक लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लड़की उनसे छोड़ देने की गुहार लगाती नजर आती है। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट और बदसलूकी भी की।

बताया जा रहा है कि लड़की एक युवक के साथ बाइक से डैम बाईपास और स्थानीय एम्बैंकमेंट के आसपास गई थी। दोनों वहां बातचीत और तस्वीरें ले रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने पहले लड़की के साथ मौजूद युवक को धमकाया और मारपीट कर वहां से भगा दिया। इसके बाद लड़की को घेरकर उसके साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां और बदसलूकी की गई।वीडियो बना आरोपियों के लिए मुसीबतघटना के दौरान बनाया गया वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस को टैग कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग भी उठी।

वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल होगी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।













