समस्तीपुर, 21 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता-मधुबनी, सियालदह-सीतामढ़ी और हावड़ा-रक्सौल के बीच चार जोड़ी पूजा विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। प्रत्येक ट्रेन के सात-सात फेरे निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 56 सेवाएं संचालित होंगी।गाड़ी संख्या 03185/03186 कोलकाता-मधुबनी पूजा विशेष ट्रेन कोलकाता से चलकर नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा, सकरी होते हुए मधुबनी पहुंचेगी। 03187/03188 भी इसी मार्ग पर संचालित होगी।

वहीं 03133/03134 सियालदह-सीतामढ़ी पूजा विशेष ट्रेन सियालदह, नैहाटी, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, कमतौल और जनकपुर रोड होते हुए सीतामढ़ी पहुंचेगी।हावड़ा-रक्सौल के बीच चलने वाली 03043/03044 पूजा विशेष ट्रेन हावड़ा, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, दलसिंहसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, कमतौल, सीतामढ़ी और बैरगनिया होते हुए रक्सौल पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में यात्रियों के लिए सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
















