पटना, 04 अगस्त (पटना डेस्क) विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के पावन अवसर पर अजगैवीनाथ धाम स्थित नमामि गंगे घाट सोमवार की शाम भक्ति, लोकसंगीत और आस्था के विराट संगम का साक्षी बना। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित भव्य सांस्कृतिक एवं भजन संध्या में पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित सुप्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि हजारों श्रद्धालु और कांवरिये देर रात तक शिवभक्ति में डूबे झूमते रहे। उत्तरवाहिनी गंगा के पावन तट पर गूंजते हर-हर महादेव और ‘बोल बम’ के जयकारों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ रोशनी से जगमगाते भव्य मंच पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इसके बाद आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर के युवा कलाकारों ने वंदे मातरम की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। जैसे ही मालिनी अवस्थी मंच पर पहुंचीं, पूरा घाट परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। दूर-दराज के राज्यों से गंगाजल लेने पहुंचे कांवरिये भी अपनी थकान भूलकर भक्ति की लय में खो गए। मालिनी अवस्थी ने “भोला भंडारी भस्मासुर भस्म किया भोले भंडारी…”, “डम-डम डमरू बजावें हमार जोगिया…” और “जय हो राम, तुम्हारी जय हो…” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी अवधी और भोजपुरी लोकशैली से सजे भजन, कजरी और पारंपरिक लोकगीतों ने नमामि गंगे घाट को मानो आध्यात्मिक उत्सव में बदल दिया।

श्रद्धालु हाथ उठाकर नाचते-गाते नजर आए और पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, नगर परिषद पार्षद संजय चौधरी, रूबी कुमारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी भजन संध्या का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से मालिनी अवस्थी को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को श्रावणी मेले की सबसे यादगार सांस्कृतिक संध्याओं में से एक बताते हुए पर्यटन विभाग की पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। भक्ति, संगीत और संस्कृति का यह अद्भुत संगम देर रात तक लोगों के दिलों में गूंजता रहा।

















