नई दिल्ली, 26 जुलाई (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी मधुर आवाज़ से पहचान बनाने वाली मशहूर गायिका हेमा सरदेसाई ने कास्टिंग काउच और शोबिज की दुनिया को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सुपरहिट गीतों से लोकप्रियता हासिल करने वाली हेमा ने कहा कि इंडस्ट्री में उन्हें कई बार ऐसे प्रस्ताव मिले, लेकिन उन्होंने हर बार समझौता करने से इनकार किया। उनका कहना है कि इसी वजह से उन्होंने धीरे-धीरे मनोरंजन जगत से दूरी बना ली और अब आध्यात्मिक जीवन अपना लिया है। एक इंटरव्यू में हेमा ने कहा कि कास्टिंग काउच जैसे मुद्दे पर बार-बार चर्चा करना उचित नहीं है, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें भी ऐसे अनुभवों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जब उन्हें गलत शर्तों पर काम करने के प्रस्ताव दिए जाते थे, तो वह साफ मना कर देती थी।

उनके अनुसार, ऐसा करने की कीमत उन्हें कई गीत और अवसर गंवाकर चुकानी पड़ी, लेकिन उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। हेमा ने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति को “रेपिस्ट” या “मोलेस्टर” कहना बेहद गंभीर आरोप है और बिना पर्याप्त आधार के ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके साथ भी एक संगीत निर्देशक का अनुचित व्यवहार हुआ था, लेकिन वह किसी का नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं क्योंकि इससे उसके परिवार, विशेषकर पत्नी और बेटी, पर भी असर पड़ सकता है। उनका मानना है कि प्रस्ताव देना और किसी पर जबरदस्ती करना दो अलग-अलग बातें हैं। गायिका ने दावा किया कि मनोरंजन जगत में उन्होंने काफी अन्याय और गलत व्यवहार देखा।

उन्होंने कहा कि कई स्टूडियो में उन्हें सम्मान की बजाय गलत नजर से देखा गया और उन्हें लगा कि लोग उनकी प्रतिभा से ज्यादा निजी स्वार्थ में रुचि रखते हैं। हालांकि उन्होंने इन परिस्थितियों के बावजूद हिम्मत नहीं हारी। हेमा सरदेसाई अब मनोरंजन जगत से दूर रहकर आध्यात्मिक जीवन जी रही हैं और आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़कर प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रही हैं। उनका कहना है कि अब उनका उद्देश्य लोगों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देना है।

















