
बक्सर, 20 जुलाई (विक्रांत) डुमरांव अनुमंडल कार्यालय परिसर सोमवार को उस समय भावुक माहौल का साक्षी बना, जब स्थानांतरित एसडीओ राकेश कुमार को अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी। वहीं, नवागत एसडीओ राजीव कुमार का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।अनुमंडल प्रशासन के बैनर तले आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में वक्ताओं ने राकेश कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, पारदर्शी कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।

समारोह की अध्यक्षता भूमि उप समाहर्ता टेशलाल सिंह ने की, जबकि संचालन साबित रोहतासवी ने किया। इस अवसर पर लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कुमारी मनीषा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, अनुमंडल सहायक आपूर्ति पदाधिकारी दिनेश धारी सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमित कुमार एवं प्रीति कुमारी, वार्ड पार्षद सोनू राय, अधिवक्ता संघ के महासचिव पृथ्वीनाथ शर्मा, डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुटेली सिंह, बिनोद राय, अधिवक्ता देवकांत मिश्रा सहित कई अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।

समारोह के समापन के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत नवागत एसडीओ राजीव कुमार ने निवर्तमान एसडीओ राकेश कुमार से विधिवत पदभार ग्रहण किया। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि नए एसडीओ के नेतृत्व में अनुमंडल प्रशासन विकास कार्यों और जनसेवा को नई गति देगा, जबकि राकेश कुमार के योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।


















