• Home
  • खेल
  • ट्राईब्रेकर के रोमांच में सिवान बना चैंपियन, सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल में पश्चिम चंपारण को 3-2 से हराकर जीता खिताब
Image

ट्राईब्रेकर के रोमांच में सिवान बना चैंपियन, सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल में पश्चिम चंपारण को 3-2 से हराकर जीता खिताब

समस्तीपुर, 13 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर के रेल परिसर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेल के खेल मैदान में पिछले चार दिनों से चल रही 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17) 2026 का सोमवार को बेहद रोमांचक अंदाज में समापन हो गया। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सिवान ने ट्राईब्रेकर में शानदार प्रदर्शन करते हुए पश्चिम चंपारण (बेतिया) को 3-2 से हराकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही रोमांच से भरपूर रहा। निर्धारित 60 मिनट के पहले और दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक और रक्षात्मक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन दोनों टीमों के मजबूत डिफेंस और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के कारण कोई भी टीम निर्धारित समय तक गोल नहीं कर सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला ट्राईब्रेकर से हुआ, जहां दबाव भरे क्षणों में सिवान की टीम ने संयम बनाए रखा और 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। पश्चिम चंपारण की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में सिवान की पिंकी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, पश्चिम चंपारण की प्रीति कुमारी को सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर तथा तन्नु कुमारी को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। सभी विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सदस्यों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रतिनियुक्त शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समस्तीपुर ने अनुशासित आयोजन, उत्कृष्ट खेल प्रबंधन और शानदार मेजबानी के दम पर राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ‘बिट्टू’ ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी अधिकारियों, रेफरियों तथा जिले के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

Releated Posts

आखिरी मिनट के गोल ने बदला मैच का नक्शा, रोमांचक फाइनल में कुमहरौली ने मारी बाजी

समस्तीपुर, 01 जुलाई (मोहम्मद जमशेद) ताजपुर प्रखंड की शाहपुर बघौनी पंचायत में रजा जन सेवा सोसाइटी की ओर…

372 निशानेबाजों के सटीक निशाने से गूंजा कल्याण बिगहा, बिहार स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन

नालंदा, 26 जून (अविनाश पांडेय) नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड स्थित इंडोर शूटिंग रेंज, कल्याण बिगहा में आयोजित…

कल्याण बिगहा बना निशानेबाजों का महाकुंभ, 650 से ज्यादा शूटरों के बीच आज से शुरू होगी बिहार की सबसे बड़ी शूटिंग जंग

नालंदा 22 जून (अविनाश पांडेय) नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड स्थित कल्याण बिगहा इंडोर शूटिंग रेंज सोमवार से…

फाइनल में बदले की जंग: इंडिया-ए और श्रीलंका-ए आज आमने-सामने, वैभव सूर्यवंशी पर टिकी निगाहें

नई दिल्ली, 21 जून (अशोक “अश्क”) ट्राई सीरीज का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच गया है। रविवार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top