गोरखपुर, 09 जून (अंकित यादव) पिपराइच थाना क्षेत्र के बड़की रेवतहिया गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मां के ब्रह्मभोज को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में मातम और कोहराम का माहौल है।जानकारी के अनुसार बड़की रेवतहिया गांव निवासी 23 वर्षीय शुभम शर्मा की मां का हाल ही में निधन हुआ था। मंगलवार को उनके ब्रह्मभोज का आयोजन होना था। इसी कार्यक्रम को लेकर परिवार के चार भाइयों के बीच कई दिनों से मतभेद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि शुभम और उसका एक भाई ब्रह्मभोज का आयोजन संयुक्त रूप से करने के पक्ष में थे, जबकि बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा और एक अन्य भाई अलग-अलग कार्यक्रम कराने की बात कह रहे थे।मंगलवार दोपहर ब्रह्मभोज की तैयारियों के बीच विवाद फिर से शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार विवाद के दौरान दुर्गविजय शर्मा ने तमंचा निकाल लिया और शुभम पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन घायल शुभम को तत्काल मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना पर पिपराइच थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वारदात के बाद से आरोपित फरार बताया जा रहा है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मां के निधन के बाद आयोजित ब्रह्मभोज के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। शोक सभा की तैयारी के बीच परिवार का एक सदस्य हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया, जिससे हर आंख नम है।


















