नई दिल्ली, 19 मई (अशोक “अश्क”) दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में रेल लाइनों की मरम्मत और विकास कार्य को लेकर बड़ा मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। 19 मई से 24 मई तक चलने वाले इस रोलिंग ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने 8 ट्रेनों को पूरी तरह रद करने, कई ट्रेनों को गंतव्य से पहले रोकने और एक महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन का मार्ग बदलने का फैसला लिया है। इससे झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से यह विशेष कार्य कराया जा रहा है।

लेकिन इस दौरान दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।सबसे बड़ा असर ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस पर पड़ेगा। यह ट्रेन 20 और 23 मई को अपने नियमित मार्ग से नहीं चलेगी। रेलवे ने इसका रूट बदल दिया है। अब यह ट्रेन चांडिल, गुंडाबिहार और मुरी होते हुए हटिया पहुंचेगी। वहीं कई मेमू ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में पूरी तरह रद कर दिया गया है। 22 और 24 मई को आद्रा-मेदिनीपुर-आद्रा मेमू तथा भोजूडीह-चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू सेवा बंद रहेगी। इसके अलावा 21 और 24 मई को आद्रा-भागा-आद्रा मेमू का परिचालन नहीं होगा।

22 मई को आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू सेवा भी रद रहेगी।रेलवे ने कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट करने का भी फैसला लिया है। टाटानगर-आसनसोल मेमू, आसनसोल-टाटानगर मेमू और आसनसोल-पुरुलिया मेमू ट्रेनों को निर्धारित तिथियों में केवल आद्रा स्टेशन तक ही चलाया जाएगा। खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस का परिचालन भी 20 और 23 मई को आद्रा तक सीमित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की लाइव स्थिति और समय सारिणी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य रेल सुरक्षा और बेहतर परिचालन के लिए जरूरी है, लेकिन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है। रेलवे के इस फैसले के बाद कई यात्रियों में चिंता और असमंजस की स्थिति देखी जा रही है।

















