बक्सर, 26 अप्रैल (विक्रांत) पुराने शाहाबाद की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले प्रख्यात नेता सत्यनारायण प्रसाद उर्फ ‘दादा’ की याद में रविवार को डुमरांव नगर परिषद के पुराने नगर भवन में द्वितीय सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न दलों के दिग्गज नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दिवंगत नेता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा की अध्यक्षता जेपी आंदोलन के वरिष्ठ नेता दशरथ प्रसाद विद्यार्थी ने की, जबकि संचालन सीपीआई के पूर्व जिला सचिव ज्योतिश्वर सिंह ने किया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य नागेंद्र ओझा, कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, बक्सर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद तेजनारायण सिंह, सामाजिक मंच के संयोजक एवं निगरानी दिशा के सदस्य प्रदीप शरण श्रीवास्तव, भाई वीरेंद्र कुमार, नगर परिषद के पूर्व कर्मी बिहारी यादव, पत्रकार अरुण कुमार विक्रांत, मनोज जायसवाल और रामनाथ तिवारी समेत कई प्रमुख लोगों ने अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने सत्यनारायण प्रसाद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर जनकल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और आजीवन सीपीआई के प्रति समर्पित रहे। वक्ताओं ने कहा कि शहर हो या गांव, आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने कई बार सर्वदलीय मंच बनाकर नेतृत्व किया, जिसके कई उदाहरण आज भी लोगों के बीच चर्चा में हैं।

सभा में यह भी कहा गया कि सत्यनारायण प्रसाद ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और ईमानदारी, नैतिकता तथा सामाजिक समर्पण के साथ एक आदर्श जीवन जिया। वक्ताओं ने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे ‘दादा’ के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के लिए कार्य करें। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत के पुत्र कृष्णा प्रसाद ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। सभा का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां हर किसी की जुबान पर ‘दादा’ के संघर्ष और सेवा की गूंज सुनाई दे रही थी।


















