• Home
  • Uncategorized
  • कहीं आप भी तो नहीं डिजिटल चोर के निशाने पर: खतरनाक मैलवेयर पर सरकारी अलर्ट, मिनटों में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
Image

कहीं आप भी तो नहीं डिजिटल चोर के निशाने पर: खतरनाक मैलवेयर पर सरकारी अलर्ट, मिनटों में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (अशोक “अश्क”) स्मार्टफोन पर बढ़ती निर्भरता के बीच एक चौंकाने वाली चेतावनी सामने आई है। CERT-In ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए हाई अलर्ट जारी करते हुए एक बेहद खतरनाक मैलवेयर को लेकर आगाह किया है, जो आम ऐप बनकर लोगों के फोन में घुसपैठ कर रहा है। यह मैलवेयर इतना शातिर है कि इंस्टॉल होते ही पूरे डिवाइस पर कंट्रोल हासिल कर सकता है। आज के दौर में स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग तक सीमित नहीं रहे, बल्कि ऑनलाइन शॉपिंग, बैंकिंग और यूपीआई पेमेंट जैसी अहम गतिविधियों का केंद्र बन चुके हैं।

ऐसे में यह खतरा और भी गंभीर हो जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक यह मैलवेयर खुद को बैंकिंग ऐप, कस्टमर केयर या अन्य जरूरी ऐप के रूप में पेश करता है, जिससे यूजर्स आसानी से इसके झांसे में आ जाते हैं।एक बार इंस्टॉल होने के बाद यह मैलवेयर चुपचाप यूजर की निजी जानकारी चुराने लगता है। इसमें OTP, डेबिट-क्रेडिट कार्ड डिटेल्स और बैंकिंग ऐप्स से जुड़ी संवेदनशील जानकारी शामिल होती है। साइबर अपराधी इस डेटा का इस्तेमाल कर कुछ ही मिनटों में बैंक अकाउंट खाली कर सकते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह हमला यूजर्स की एक छोटी सी लापरवाही से भी संभव है।साइबर सुरक्षा एजेंसी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ऐप डाउनलोड करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। केवल Google Play Store या आधिकारिक वेबसाइट से ही ऐप इंस्टॉल करें। किसी भी अनजान लिंक, खासकर सोशल मीडिया या मैसेज के जरिए मिले APK फाइल को डाउनलोड करने से बचें।

इसके अलावा, किसी भी ऐप को इंस्टॉल करते समय मांगी गई परमिशन को ध्यान से पढ़ें और अनावश्यक एक्सेस देने से बचें। फोन को हमेशा लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट के साथ अपडेट रखना भी जरूरी है।कुल मिलाकर, यह मैलवेयर स्मार्टफोन यूजर्स के लिए बड़ा खतरा बनकर उभरा है। जरा सी असावधानी आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकती है, इसलिए सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।

Releated Posts

पत्थर से टकराएंगे

आज साहित्यिक आंगन गीत गुंजन में मध्यप्रदेश, छिंदवाड़ा से सुविख्यात कवयित्री दीपशिखा ‘सागर’ जी की एक गीत शीश…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top