समस्तीपुर, 28 नवम्बर (हर्षिता “अश्क”) आम लोगों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही और अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में डीएम ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया।

कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। जिलाधिकारी ने आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान कई विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।जन संवाद में सबसे अधिक मामले भूमि एवं राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इनमें दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमीन विवाद और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें शामिल थी।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, सड़क निर्माण, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को भी लोगों ने प्रमुखता से उठाया।डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करें। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण की जरूरत है, वहां संबंधित पदाधिकारी स्वयं जांच कर आवश्यक कदम उठाएं। वहीं, एक से अधिक विभागों से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। आवेदन के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया।कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।














