पटना, 22 नवंबर (पटना डेस्क) शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले में जांच एजेंसियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पॉक्सो कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सीबीआई को कड़ी फटकार लगाते हुए जांच से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर जवाब मांगा है। अदालत की नाराजगी के बाद मामले में एक बार फिर न्याय की उम्मीद और जांच की निष्पक्षता को लेकर बहस तेज हो गई है। मामले की शुरुआत से ही जांच की दिशा पर सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि से जुड़े संकेत सामने आने के बावजूद बिहार पुलिस की एसआईटी ने शुरुआत में घटना को नींद की गोली से जुड़ा मामला बताने की कोशिश की। इससे जांच की पारदर्शिता और गंभीरता पर सवाल उठे थे। जनदबाव बढ़ने के बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया, लेकिन केंद्रीय जांच एजेंसी ने भी आरोपियों तक पहुंचने के बजाय क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी।

अब पॉक्सो कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीबीआई घटनास्थल और शुरुआती जांच से जुड़े बुनियादी तथ्यों पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। अदालत की सख्ती ने जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि आखिर इतने गंभीर मामले में जांच इस मुकाम तक कैसे पहुंची, जहां पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय जांच की खामियां ही चर्चा का विषय बन गई हैं।इस मामले को लेकर विपक्ष ने भी जांच एजेंसियों पर निशाना साधा है। आरोप लगाया जा रहा है कि राजनीतिक मामलों में सक्रियता दिखाने वाली सीबीआई एक मासूम छात्रा की मौत और कथित यौन अपराध के मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखा सकी।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि एसआईटी से लेकर सीबीआई तक की जांच में आखिर कौन-सी कड़ियां छूट गईं? क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास हुआ? फिलहाल अदालत की फटकार के बाद पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीदें फिर जागी हैं।













