पटना, 22 नवंबर (पटना डेस्क) औरंगाबाद जिले में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला रिसियप थाना क्षेत्र का है, जहां एनएच-139 पर सड़सा-सड़सी गांव के समीप तेज रफ्तार हाइवा और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना उस वक्त हुई, जब औरंगाबाद की ओर से तेज गति से आ रहा हाइवा विपरीत दिशा से अंबा की ओर जा रहे ऑटो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फेसर थाना क्षेत्र की बेला पंचायत के तेतरिया गांव निवासी 25 वर्षीय बिजेंद्र साव के रूप में हुई है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है।रिसियप थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान के लिए जब्त हाइवा के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।इधर, लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जसोईया मोड़ और ओबरा-अंबा मार्ग पर भी हाल के दिनों में कई सड़क हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा एनएच-139 पर यातायात नियंत्रण, नियमित वाहन जांच और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसों में निर्दोष लोगों की जान जाती रहेगी।













