समस्तीपुर, 22 नवम्बर (हर्षिता “अश्क”) जिले के नरघोघी स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रचा जाएगा। यहां एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी अध्यक्षता करेंगे। भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।मेडिकल कॉलेज में प्रथम बैच की पढ़ाई शुरू होना समस्तीपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने जिले में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

वहीं, अस्पताल के पूरी क्षमता से संचालित होने पर स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे शहरों का रुख करने की मजबूरी कम हो सकेगी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसके कर्ण ने बताया कि प्रथम बैच के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम के साथ ओथ और व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित होगी। स्वास्थ्य मंत्री नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को व्हाइट कोट पहनाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को मानव सेवा, चिकित्सकीय नैतिकता और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने की शपथ दिलाई जाएगी। कॉलेज को एमबीबीएस की 50 सीटों पर नामांकन और पढ़ाई संचालित करने की अनुमति मिली है। समारोह को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

शनिवार को सदर एसडीओ और सदर डीएसपी ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुख्य मंच, पार्किंग, साफ-सफाई, यातायात और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।गौरतलब है कि इस मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21 जनवरी 2024 को किया था। अब एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई शुरू होने से संस्थान चिकित्सा शिक्षा के नए सफर पर आगे बढ़ेगा।













