पटना, 22 नवंबर (अविनाश कुमार) बिहार में फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर शिक्षक की नौकरी हासिल करने वालों की अब खैर नहीं। शिक्षा विभाग ने ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। राज्यभर में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी कर रहे शिक्षकों की पहचान कर उनकी सेवा समाप्त करने से लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने तक की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को सख्त निर्देश जारी किया है। जांच और कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया 30 अप्रैल 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, वर्ष 2006 से 2021 के बीच पंचायत राज संस्थाओं और नगर निकायों के माध्यम से बड़े पैमाने पर शिक्षकों का नियोजन किया गया था।

इस दौरान फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आए। निगरानी विभाग की जांच में भी अनेक मामलों में प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी सामने आने के बावजूद कई नियोजन इकाइयों ने संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्ति का अंतिम निर्णय अब तक नहीं लिया है। ऐसे शिक्षक विद्यालयों में कार्यरत हैं और वेतन भुगतान का दावा भी कर रहे हैं। विभाग ने गड़बड़ी के मामलों को पांच श्रेणियों में बांटा है। इनमें फर्जी नियुक्ति, दूसरे व्यक्ति के नाम या प्रमाणपत्र पर नौकरी करना, अमान्य संस्थान से वास्तविक प्रमाणपत्र प्राप्त करना, मान्य संस्थान के नाम पर जाली प्रमाणपत्र बनवाना तथा अमान्य संस्थान के नाम पर कूटरचित प्रमाणपत्र हासिल करना शामिल है।

निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति की अर्हक तिथि पर अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता नहीं रखने वाले शिक्षकों की सेवा सक्षम प्राधिकार के नियमानुसार समाप्त की जाएगी। वहीं, जाली प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने का मामला प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारियों को मामलों की प्राथमिकता तय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।













