पटना, 21 नवम्बर (पटना डेस्क) राजस्थान के जोधपुर से पांच दिनों पूर्व अपहृत पाकिस्तानी किशोरी को भागलपुर पुलिस ने बाथ थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी की बरामदगी से जोधपुर पुलिस ने राहत की सांस ली है। इस सनसनीखेज अपहरण मामले में भागलपुर और जोधपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से सफलता मिली है। हालांकि, किशोरी को अगवा करने का आरोपित युवक पुलिस की छापेमारी से पहले ही फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है। जानकारी के अनुसार, जोधपुर पुलिस की तकनीकी टीम अपहृत किशोरी की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान उसका लोकेशन भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र में मिला। इसके बाद जोधपुर पुलिस ने भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव से संपर्क कर मदद मांगी। एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी अतुलेश झा की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई।

इसमें महिला थानाध्यक्ष लूसी कुमारी के साथ बाथ और शाहकुंड थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को बाथ थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।बरामदगी के बाद किशोरी को महिला थानाध्यक्ष और महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में रखा गया है। भागलपुर पुलिस ने जोधपुर के बोरानाडा थाने को इसकी सूचना दे दी है। सूचना मिलते ही वहां की पुलिस टीम किशोरी को लेने भागलपुर के लिए रवाना हो गई। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि जोधपुर पुलिस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद किया गया है। संबंधित पुलिस टीम रास्ते में है।नौकरी का झांसा देकर अगवा करने का आरोपबताया जाता है कि किशोरी लॉन्ग टर्म वीजा पर पाकिस्तान से जोधपुर आई थी। उसके पिता जोधपुर में रहकर नौकरी करते हैं।

आरोप है कि जोधपुर में एक फैक्ट्री में काम करने वाले भागलपुर के शाहकुंड थाना क्षेत्र स्थित दीनदयालपुर निवासी योगेश कुमार ने किशोरी को सब्जबाग दिखाकर अगवा कर लिया था। किशोरी के पिता ने बोरानाडा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।आरोपित योगेश कुमार मंटू मंडल का पुत्र बताया गया है। वह किशोरी को अपने पैतृक गांव दीनदयालपुर में रखने के बजाय बाथ थाना क्षेत्र में छिपाकर रखा था। पुलिस की छापेमारी से पहले ही वह फरार हो गया। अब जोधपुर पुलिस के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













