पटना, 06 नवंबर (पटना डेस्क) बिहार के सीवान जिले में एक जेनरल स्टोर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों ने दुकान के अंदर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के बाद हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को मुख्य सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया। घटना जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार की है। मृतक की पहचान नदीम हुसैन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बीती रात नदीम हुसैन अपनी दुकान के अंदर मौजूद थे।

इसी दौरान कथित तौर पर दुकान में पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया, ताकि घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सके। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तरवारा बाजार के मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

हंगामे की सूचना पर सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार और सदर एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।












