पटना, 26 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या-3, सारण शिक्षक निर्वाचन की मतगणना 27 अक्टूबर को छपरा में होगी। चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी हैं। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर वीडियोग्राफी तक के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सारण प्रमंडल आयुक्त कार्यालय के दिशा-निर्देश के तहत मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना के लिए कुल 14 गणना टेबल और एक एआरओ टेबल स्थापित की गई है। प्रत्येक गणना टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायकों की तैनाती रहेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि मतगणना के हर चरण में पारदर्शिता बनी रहे।

मतदान सामग्री की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बज्रगृह से मतगणना हॉल तक मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाया जाएगा। सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय और राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से संबंधित व्यवस्थाओं को भी प्रशासन ने अंतिम रूप दिया है।मतगणना के दौरान सबसे पहले मतपेटिकाओं को प्राप्त कर चार्ट से मिलान किया जाएगा। इसके बाद पेपर सील की जांच होगी। मतपत्रों को 25-25 के बंडलों में व्यवस्थित कर मिश्रित किया जाएगा। फिर मतपत्रों को वैध, अवैध और संदिग्ध श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा।

इसके बाद प्रथम वरीयता के मतों की गणना होगी। एआरओ टेबल पर तैनात डेटा एंट्री ऑपरेटर मतों का आंकड़ा कंप्यूटर में दर्ज करेंगे। भारत निर्वाचन आयोग की अनुमति के बाद ही आधिकारिक परिणाम की घोषणा की जाएगी। मतगणना पूरी होने पर सभी प्रयुक्त-अप्रयुक्त मतपत्र और संबंधित अभिलेख नियमानुसार सील कर सुरक्षित रखे जाएंगे।













