बक्सर, 22 अक्टूबर (विक्रांत) विजयादशमी की आधी रात शहर के बीचों-बीच थाना से महज कुछ दूरी पर गीता मोबाइल एवं रिपेयरिंग सेंटर का शटर तोड़कर हुई बड़ी चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान से कई महंगे मोबाइल, नकदी समेत करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है।

गुरुवार को पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा के नेतृत्व में भाकपा(माले) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने दुकान और आसपास के इलाके का जायजा लेते हुए घटना की जानकारी ली। इसके बाद पार्टी नेताओं ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर चोरी की घटना का शीघ्र उद्भेदन, अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और चोरी गए मोबाइल व अन्य सामान की बरामदगी की मांग की।

माले नेताओं ने कहा कि शहर के बीच बाजार में थाना से कुछ दूरी पर दुकान का शटर तोड़कर इतनी बड़ी चोरी होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। जब मुख्य बाजार में व्यवसायियों की दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर विश्वास कैसे कायम रहेगा।

नेताओं ने क्षेत्र में किसानों की भैंस चोरी और नावानगर की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।माले नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी नहीं हुई तो पार्टी जनता की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। घटनास्थल पर भाकपा(माले) राज्य कमिटी सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, नगर सचिव कृष्णा राम, माले नेता शंकर तिवारी, सर्वेश पाण्डेय, सुरेन्द्र कुशवाहा, जाबिर कुरैशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा अपराधियों को गिरफ्तार करो और चोरी गई संपत्ति बरामद करो।













