समस्तीपुर, 21 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के पंचरुखी में दुर्गा पूजा मेले के दौरान आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बीच हुई फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। जख्मी युवक की पहचान वार्ड संख्या-14 निवासी संजीत राय के पुत्र विवेक कुमार उर्फ ऋषभ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक बीएससी नर्सिंग का छात्र है। फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए समस्तीपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।बताया जाता है कि दुर्गा पूजा को लेकर पंचरुखी में मेला लगा हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही मेले में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए मेला परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।घटना की सूचना मिलते ही कर्पूरीग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है।

फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और गोली चलाने वाले कौन थे, इसकी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मेले के दौरान हुई इस फायरिंग से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।













