पटना, 13 सितम्बर (पटना डेस्क) वैशाली जिले के अदलपुर गांव में शनिवार देर रात अपराधियों ने ‘हिंदू पुत्र संगठन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि के घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड गोलियां चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, गनीमत रही कि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया गया कि अज्ञात अपराधियों ने राजीव ब्रह्मर्षि के घर के सामने से ही गोलियां बरसाईं।

गोलियों के निशान मकान के मुख्य गेट और खिड़कियों पर मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से 10 खोखे बरामद किए हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी की निगरानी में पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है।

हमलावरों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हमले के पीछे की वजह और अपराधियों की मंशा का भी पता लगाया जा रहा है।
















