पटना, 21 सितम्बर (अविनाश कुमार) कोतवाली थाना क्षेत्र में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बिहार राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक के पास दो अज्ञात महिलाओं ने एक जीविका दीदी को सोने की चेन देने का झांसा देकर उनके कान की दोनों सोने की बालियां उतरवा ली। इसके बाद डुप्लीकेट चेन थमाकर दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गई। गायब बालियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़िता सोमवार सुबह करीब 10 बजे रजिस्ट्री ऑफिस में ड्यूटी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात महिला ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। बातों-बातों में महिला उन्हें अपने साथ दूसरी महिला के पास ले गई। वहां दोनों ने पीड़िता को विश्वास में लेते हुए सोने की चेन देने का लालच दिया।

आरोप है कि दोनों महिलाओं ने अपने झांसे में लेकर पीड़िता से उनके कान की दोनों सोने की बालियां उतरवा ली। बालियां हाथ लगते ही महिलाओं ने उन्हें एक डुप्लीकेट चेन थमा दी। पीड़िता को जब तक पूरे घटनाक्रम का अंदाजा होता, तब तक दोनों महिलाएं उन्हें ऑटो में बैठाकर एक पुल के पास ले गईं और वहां उतारकर फरार हो गईं।कुछ देर बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने बालियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों महिलाएं किस दिशा में फरार हुईं और घटना के पीछे किसी गिरोह की भूमिका है या नहीं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान नहीं हो सकी है।

















