बक्सर, 24 नवंबर (विक्रांत) विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने के लिए बक्सर के युवाओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का दम दिखाया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर में आयोजित जिला स्तरीय चैलेंज ट्रैक प्रतियोगिता में शानदार प्रस्तुतियों के आधार पर छह प्रतिभागियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। अब चयनित प्रतिभाएं राज्य स्तर पर अपनी मेधा का प्रदर्शन करेंगी। इस उपलब्धि से संस्थान में उत्साह का माहौल है।भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में Viksit Bharat Young Leaders Dialogue 2027 के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करने और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय ‘Demographic Dividend & Human Capital Development’ पर पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। युवाओं ने विकसित भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की भूमिका, देश की जनसांख्यिकीय क्षमता के बेहतर इस्तेमाल और मानव संसाधन के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी समझ का परिचय दिया।प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्यों ने किया। विषय की समझ, प्रस्तुतीकरण, विचारों की नवीनता और रचनात्मक दृष्टिकोण के आधार पर छह सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय Viksit Bharat Young Leaders Dialogue के लिए चुना गया।

कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह और प्रयासों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों और निर्णायक मंडल ने चयनित युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही जनवरी 2027 में दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर के संवाद में भागीदारी और सफलता के लिए भी प्रोत्साहित किया।आयोजकों ने कहा कि यह मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान कर रहा है।














