पटना, 30 अप्रैल (अविनाश कुमार) जिले में केंद्र और राज्य संपोषित सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को अब मिशन मोड में पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है। एनएचएआई के तहत भारतमाला परियोजना में पटना-आरा-सासाराम एनएच-119ए के निर्माण के लिए नौबतपुर और बिहटा अंचल के 21 मौजा में 1119 पंचाट की कुल 176.16 एकड़ भूमि अधिग्रहित कर ली गई है। इसके एवज में 149.76 करोड़ रुपये मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है, जिसका वितरण विशेष कैंपों के जरिए किया गया। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर कड़ा रुख अपनाते हुए साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-131जी पटना रिंग रोड (कन्हौली-शेरपुर सेक्शन) के लिए बिहटा और मनेर अंचल में मुआवजा भुगतान हेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। वहीं रामनगर से कच्ची दरगाह (एनएच-119डी) खंड में ‘भूमि राशि पोर्टल’ के माध्यम से भुगतान जारी है और भूमि का कब्जा पहले ही एनएचएआई को सौंपा जा चुका है।डीएम ने अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना मार्गों से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए। बुधवार को कोर प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के साथ समीक्षा बैठक में 30 से अधिक परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।

पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के तहत चल रहे कार्यों पर डीएम ने संतोष जताया और कहा कि पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से मलाही पकड़ी तक प्रायोरिटी कॉरिडोर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर सहित एनएचएआई, रेलवे, पथ निर्माण विभाग, पुल निर्माण निगम, आईडब्ल्यूएआई, आइओसीएल और गेल के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने दो टूक कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय सीमा से कोई समझौता नहीं होगा, और वे स्वयं परियोजना स्थलों का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं।













