समस्तीपुर, 14 जून (मोहम्मद जमशेद) बिहार में बिजली व्यवस्था को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) की विभिन्न विद्युत अवसंरचना विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान राज्यभर में करीब 1274.03 करोड़ रुपये की लागत वाली विद्युत परियोजनाएं जनता को समर्पित की गईं। कार्यक्रम के तहत लगभग 1269.26 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 4.77 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

इन योजनाओं का उद्देश्य विद्युत वितरण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना, उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना तथा बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार करना है। इसके साथ ही आधुनिक ग्राहक सेवा सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना रही। इस योजना के तहत राज्य के लगभग ढाई लाख परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की पहल की गई है। इससे न केवल स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी ली। लाभुकों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सौर ऊर्जा से उनके बिजली खर्च में कमी आएगी और जीवन स्तर बेहतर होगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई परियोजनाओं के पूरा होने से बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

समस्तीपुर जिले के एनआईसी सभागार से विधायक महेश्वर हजारी, विधायक अश्वमेघ देवी, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, विद्युत अधीक्षण अभियंता कुमार गौरव तथा अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से समस्तीपुर सहित पूरे उत्तर बिहार के लाखों उपभोक्ताओं को बेहतर और भरोसेमंद विद्युत सेवाएं मिलेंगी।














