बक्सर, 24 सितम्बर (विक्रांत) बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के अस्पताल में 24 सितंबर 2026 को कार्डियक एवं मेटाबोलिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का औपचारिक उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने किया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हृदय एवं मेटाबोलिक रोगों से बचाव और समय रहते पहचान के उपायों की जानकारी दी। मेडिफोड वेलनेस के जाने-माने कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में छह विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की टीम ने शिविर में सेवाएं प्रदान की।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों और विद्यार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के साथ क्लिनिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में करीब 200 लोगों की जांच की गई।स्वास्थ्य जांच के दौरान लोगों को खान-पान, जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। कार्डियोवैस्कुलर एवं मेटाबोलिक बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान के लिए बुनियादी जांच भी नि:शुल्क की गई।

विशेषज्ञों ने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।कार्यक्रम में निदेशक प्रशासन, निदेशक छात्र-कल्याण, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर-शिक्षा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शिविर के सफल आयोजन से विश्वविद्यालय की बचाव-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को बल मिला।














