पटना, 15 जुलाई (पटना डेस्क) उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उत्तर बिहार में लगातार सक्रिय मानसून के कारण कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बुधवार को राजधानी पटना समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि धूप निकलने के कारण उमस से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। विभाग ने अररिया, किशनगंज, कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिम चंपारण के चनपटिया में सर्वाधिक 141.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में 104 मिमी, पूर्वी चंपारण के वनकटवा में 102.4 मिमी, मधेपुरा के आलमनगर में 92.2 मिमी, मधुबनी के बासोपट्टी में 92 मिमी तथा झंझारपुर में 85.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भागलपुर के कोलगांव, वैशाली के लालगंज, कटिहार के मनिहारी, सारण, खगड़िया और पूर्वी चंपारण के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।

मंगलवार को मौसम के बदले मिजाज के बीच मुजफ्फरपुर, जहानाबाद और औरंगाबाद को छोड़कर अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भभुआ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं मोतिहारी में 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।















