समस्तीपुर, 13 अप्रैल (रंजीत कुमार) विभूतिपुर प्रखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विभूतिपुर उत्तर में मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य “मेधा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज कुमार चौधरी ने की, जबकि संचालन कृष्ण कुमार सुधांशु और शंभू कुमार झा ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि अजय कुमार ने टॉपर्स को संबोधित करते हुए कहा कि ये छात्र अपने परिश्रम से न सिर्फ अपने परिवार बल्कि समाज की दिशा बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रतिभाशाली छात्रों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय हेतु विशेष पुस्तक भी भेंट की।प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने छात्रों को क्षेत्र की धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम मेधा को और निखारने का काम करते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व प्रखंड प्रमुख रूपांजलि कुमारी, मुखिया विभा कुमारी, सरपंच वंदना कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान सभी अतिथियों का पाग, चादर और माला से भव्य स्वागत किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मैट्रिक और इंटर के दर्जनों मेधावी छात्रों ने इस उपलब्धि से विद्यालय का नाम रोशन किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक संदीप कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी के सहयोग के लिए आभार जताया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।


















