बेगूसराय, 07 जून (धरम कुमार) बरौनी जंक्शन के पश्चिमी छोर स्थित रेलवे गुमटी संख्या-7 बी पर शनिवार की संध्या बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया। केंद्रीय कपड़ा मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह एवं तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने प्रथम पिलर स्थल पर नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 101.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।जानकारी के अनुसार, 1237.21 मीटर लंबे इस रेल ओवरब्रिज का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा पथ निर्माण विभाग के अधीन कराया जाएगा।

परियोजना को 26 जुलाई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग अब साकार होने लगी है। बरौनी जंक्शन के समीप रेलवे गुमटी पर प्रतिदिन लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से हजारों लोग परेशान रहते थे। आरओबी के निर्माण के बाद लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि राजवाड़ा गुमटी के समीप प्रस्तावित दूसरे आरओबी की प्रशासनिक प्रक्रिया अंतिम चरण में है और एक सप्ताह के भीतर कार्यादेश जारी होने की उम्मीद है।

वहीं बरौनी फ्लैग स्टेशन के निकट प्रस्तावित आरओबी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। जिला प्रशासन से इस संबंध में बातचीत हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में पहल की जाएगी। स्थानीय लोगों ने आरओबी निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे बरौनी जंक्शन क्षेत्र में वर्षों से बनी जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। साथ ही औद्योगिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, डॉ. हेमंत कुमार, पूर्व मुखिया विनय कुमार सिंह, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













