सीतामढ़ी, 10 अगस्त (मोहम्मद कलीम) जिले के महिंदवारा थाना क्षेत्र में पुराने भूमि विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। सुगरीडीह गांव के वार्ड संख्या-03 में हथियारबंद लोगों ने दिनदहाड़े एक युवक पर हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार शाम करीब पांच बजे चंदन अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान नामजद आरोपित हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान शैलेन्द्र कुमार और गोलू कुमार पिस्टल लहराकर आसपास मौजूद लोगों को डराते रहे, ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके।

इसी बीच दशरथ राय ने चाकू से हमला किया, जबकि छोटेलाल राय ने गड़ासे से चंदन पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से चंदन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही महिंदवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। मृतक के पिता वीरेंद्र राय के फर्दबयान पर महिंदवारा थाने में छोटेलाल राय, दशरथ राय, गोलू कुमार, शैलेन्द्र कुमार, पूनम देवी, डाली कुमारी और बबीता कुमारी सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि मामले में नामजद आरोपित पूनम देवी और डाली कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।परिजनों के अनुसार, आरोपितों के साथ करीब दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

















