बक्सर, 15 जून (विक्रांत) जिला समाहरणालय परिसर सोमवार को उस समय आम लोगों की उम्मीदों का केंद्र बन गया, जब जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जन सुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतों और मांगों को लेकर पहुंचे, जहां कुल 44 आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित इस जन सुनवाई कार्यक्रम में राजस्व, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित मामलों की भरमार रही। प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक 18 आवेदन राजस्व विभाग से जुड़े थे, जबकि 18 आवेदन विकास कार्यों एवं योजनाओं से संबंधित रहे।

इसके अलावा 08 आवेदन अन्य विभागों से जुड़े मामलों के थे। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ, विकास कार्यों में अनियमितता तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अपनी बातें रखी। जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा तथा सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायोचित तरीके से किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

जिला प्रशासन ने भी दोहराया कि जन सहभागिता और जन सुनवाई लोकतांत्रिक प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। आम नागरिकों की शिकायतों के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है, ताकि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।














