समस्तीपुर, 17 अप्रैल (रंजीत कुमार) शिक्षा को किताबों से बाहर निकालकर व्यवहारिक बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। प्रखंड के जेपीएनएस नरहन उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पॉलीटेक्निक कॉलेज समस्तीपुर का शैक्षणिक परिभ्रमण किया, जहां उन्होंने तकनीकी शिक्षा की बारीकियों को करीब से जाना।यह परिभ्रमण विद्यालय की एचएम कुमारी किरण सिन्हा और शिक्षक बाबू प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. अफताब अंजुम एवं प्रो. नीरज कुमार के मार्गदर्शन में छात्रों को विभिन्न प्रयोगशालाओं, कार्यशालाओं और कक्षाओं का भ्रमण कराया गया।इस दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं और उनके सवालों का विस्तार से समाधान किया गया। छात्रों ने मशीनों और प्रयोगों को प्रत्यक्ष देखकर उत्साह व्यक्त किया।

शिक्षकों ने इस भ्रमण को छात्रों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रस्थान के मौके पर विद्यालय के कई शिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने छात्रों को सीखने के लिए प्रेरित किया। यह शैक्षणिक यात्रा छात्रों के लिए यादगार अनुभव बन गई।
















