मोतिहारी, 05 सितम्बर (गौरव कुमार गुप्ता) जिले के पीपराकोठी थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार सुबह कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की। हरपुर तीन मुहानी के पास की गई कार्रवाई में कंटेनर और एक कार को जब्त किया गया। दोनों वाहनों की तलाशी के दौरान 247 कार्टन में करीब 2208 लीटर विदेशी शराब बरामद होने की जानकारी दी गई है। मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद निरीक्षक इमरान अंसारी के अनुसार, विभाग की टीम को हरपुर तीन मुहानी के पास शराब की खेप पहुंचाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान एक कंटेनर से शराब उतारकर कार में लोड किए जाने की बात सामने आई। टीम ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कंटेनर में कटे-फटे कपड़ों के बंडलों के अंदर छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। विभाग के अनुसार, शराब हरियाणा से लाई जा रही थी। मौके से गिरफ्तार कंटेनर चालक की पहचान हरियाणा के पानीपत जिले के माडल टाउन थाना क्षेत्र के कावेरी रोड कच्चा फाटक, हरी नगर निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की डिलीवरी पीपराकोठी में बाबा पंडित नामक व्यक्ति को दी जानी थी। इसी क्रम में हरपुर तीन मुहानी के पास कंटेनर को रोककर शराब कार में अनलोड की जा रही थी। इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की। छापेमारी टीम में उत्पाद निरीक्षक इमरान अंसारी के अलावा संतोष कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

टीम ने शराब के साथ कंटेनर और कार को जब्त कर लिया। गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर शराब की डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उत्पाद विभाग और पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पूछताछ के जरिए शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















