पटना, 06 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार के कटिहार में अपराधियों के बुलंद हौसले ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली पटेल चौक के पास सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे चार अपराधियों ने स्कूटी से कोर्ट जा रहे अधिवक्ता गुड्डू अंसारी उर्फ अजीमुद्दीन अंसारी की चाकू से गोदकर और गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि अधिवक्ता स्कूटी से सड़क से गुजर रहे थे। तभी एक अपराधी ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। वार लगते ही अधिवक्ता स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद चारों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।

अधिवक्ता ने जान बचाने के लिए अपराधियों से संघर्ष किया, लेकिन हमलावर लगातार चाकू से वार करते रहे। इसी दौरान एक अपराधी ने कमर से बेल्ट निकालकर उनकी बेरहमी से पिटाई की, जबकि दूसरे ने हथियार निकालकर गोली मार दी। हत्या के बाद चारों आरोपी बेखौफ होकर पैदल जाते हुए दिखाई दिए और मौके से फरार हो गए।रोड-रास्ते के विवाद में हत्या की आशंकाखून से लथपथ अधिवक्ता को स्थानीय लोगों ने तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या की वजह रोड-रास्ते से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। मृतक कुछ दिन पहले अपनी बहन और पड़ोसी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पक्ष ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।कटिहार सदर एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि मृतक की बहन का रोड-रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था और इस संबंध में नगर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई हत्या से अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश व दहशत का माहौल है।
















