मुजफ्फरपुर, 17 सितम्बर (संतोष गुप्ता) अहियापुर थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ दो स्थानों पर कार्रवाई कर महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विजय छपड़ा स्थित एक घर से छह ग्राम स्मैक की 17 पुड़िया, जबकि जीरोमाइल स्थित गुमटीनुमा दुकान से करीब 90 ग्राम गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से कुल 11,490 रुपये नकद भी जब्त किए गए। सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। महिला के घर छापेमारी में छह ग्राम स्मैक बरामदपुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अहियापुर थाने की पुलिस ने विजय छपड़ा वार्ड संख्या आठ स्थित अनिता देवी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 17 पुड़िया में कुल छह ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से अनिता देवी और मिंता देवी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अहियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताया गया है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 10,640 रुपये नकद भी मिले।गुमटी से 90 ग्राम गांजा मिलने से मचा हड़कंपपहली कार्रवाई के बाद पुलिस को दोबारा मादक पदार्थ से जुड़ी सूचना मिली। इसके बाद टीम ने जीरोमाइल स्थित जयराम साह की गुमटीनुमा दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुड़िया सहित करीब 90 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से जयराम साह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 850 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिसपुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद स्मैक और गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े संभावित अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर निगरानी लगातार जारी है।
















