बक्सर, 06 अक्टूबर (विक्रांत) डी.के. कॉलेज, डुमरांव में व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को रोजगार और कॉरपोरेट क्षेत्र की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत बीसीए एवं बीबीए के छात्र-छात्राओं को सॉफ्ट स्किल्स, प्रोफेशनल कम्युनिकेशन, कस्टमर इंगेजमेंट और डोमेन अवेयरनेस समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के गुर भी बताए जा रहे हैं। महाविद्यालय की प्रचार्या प्रो. वीणा कुमारी ने कहा कि बदलते दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में संवाद कौशल, व्यवहारिक समझ और पेशेवर कार्यशैली की जानकारी भी जरूरी है।

इस तरह के प्रशिक्षण से छात्र भविष्य में अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और कॉरपोरेट वातावरण की कार्यप्रणाली को समझने में सक्षम होंगे। सीनेट सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हित में इस तरह की गतिविधियां बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रचार्या द्वारा लगातार छात्र हित को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक ज्ञान भी मिल रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं और इसका भरपूर लाभ उठा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को पेशेवर संवाद, ग्राहकों से बेहतर जुड़ाव और अपने विषय से संबंधित कार्यक्षेत्र की समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीसीए समन्वयक अरबाब खान, डॉ. अब्दुल कैश, बीबीए समन्वयक अवनीश कुमार सिंह तथा शिक्षक डॉ. शिवेन्द्र, डॉ. रवि रंजन पाण्डेय, मधुसूदन कुमार और राजू कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।














