पटना, 03 अक्टूबर (अविनाश कुमार) बिहार में विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवंबर में संभावित भागलपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री का कार्यक्रम करीब 20 नवंबर के आसपास प्रस्तावित है। हालांकि, दौरे की अंतिम तारीख और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संभावित कार्यक्रम का केंद्र सुल्तानगंज क्षेत्र को बनाए जाने की चर्चा है।प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए भवन निर्माण विभाग ने करीब 3,242.95 करोड़ रुपये की 459 परियोजनाओं का ब्योरा प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा है। इनमें पंचायती राज विभाग की 345 परियोजनाएं करीब 948.46 करोड़ रुपये, ग्रामीण विकास विभाग की 55 परियोजनाएं 1,070.02 करोड़ रुपये और अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग की 17 परियोजनाएं करीब 369.87 करोड़ रुपये की हैं।

इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, सामान्य प्रशासन समेत कई विभागों की योजनाएं भी सूची में शामिल हैं।ऊर्जा से शिक्षा तक बड़ी परियोजनाओं पर नजरसंभावित कार्यक्रम में पीरपैंती थर्मल पावर परियोजना, विक्रमशिला के पास केंद्रीय विश्वविद्यालय और सुल्तानगंज में हवाई संपर्क से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया जा रहा है। पीरपैंती में 2,400 मेगावाट क्षमता की ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री पहले ही कर चुके हैं। वहीं, केंद्र सरकार ने विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन को भी मंजूरी दी है।भागलपुर में सन्हौली, सजौर और मकंदपुर के पंचायत सरकार भवनों के उद्घाटन की तैयारी भी की जा रही है। तीनों भवनों की लागत करीब तीन-तीन करोड़ रुपये बताई गई है।

बांका में भी कई पंचायत सरकार भवनों को संभावित कार्यक्रम में शामिल किए जाने की तैयारी है।अधिकारियों को सख्त निर्देशदौरे की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रधानमंत्री के लिए आरक्षित परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास बिना विभागीय अनुमति के कोई अन्य अधिकारी न करे। भागलपुर में चिह्नित तीन पंचायत सरकार भवनों का अंतिम चरण का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। सरकार और प्रशासन की तैयारियों के बीच अब सबकी निगाहें प्रधानमंत्री के संभावित नवंबर दौरे की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। यह दौरा तय होने पर भागलपुर क्षेत्र में कई विकास योजनाओं को लेकर गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।













