समस्तीपुर, 03 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर बाजार समिति में शनिवार को खीरे की खरीदारी के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिला, मानो लोगों में खीरा खरीदने की होड़ मच गई हो। बाजार में खीरे की गाड़ी पहुंचते ही खरीदार उस पर टूट पड़े। देखते ही देखते गाड़ी के चारों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और खीरा लेने के लिए मारामारी जैसी स्थिति बन गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस खीरे की कीमत आम दिनों में करीब 700 से 800 रुपये बताई जा रही थी, वही शनिवार को 1,400 से 1,500 रुपये तक पहुंच गई।

कीमत में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी के बावजूद खरीदारों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही थी। लोग गाड़ी पर चढ़कर खीरा लेने की कोशिश करते नजर आए। बाजार समिति में मौजूद लोगों के मुताबिक, खीरे की मांग अधिक होने और उपलब्धता सीमित रहने के कारण कीमत में अचानक उछाल देखने को मिला। बढ़े हुए दाम के बावजूद व्यापारी और खरीदार लगातार खीरा खरीदने में जुटे रहे।
गाड़ी के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।खीरे की कीमत में अचानक हुई इस वृद्धि ने आम लोगों को भी चौंका दिया है। जहां सामान्य दिनों में लोग कम कीमत पर आसानी से खीरा खरीद लेते थे, वहीं शनिवार को उन्हें इसके लिए लगभग दोगुनी रकम चुकानी पड़ी। इसके बावजूद बाजार समिति में जिस तरह खरीदारों की भीड़ उमड़ी, उससे खीरे की मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।

गाड़ी पर उमड़ी भीड़ का वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि खरीदार खीरा लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं। बढ़े दाम के बावजूद खीरे की खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह और जल्दबाजी देखने को मिली।














