समस्तीपुर, 2 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) स्वच्छता को जन-जन की जिम्मेदारी बनाने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में चल रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत शुक्रवार को मंडल रेल कार्यालय परिसर से विशाल प्रभात फेरी निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी में मंडल के सभी शाखा अधिकारियों, कर्मचारियों और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी तख्तियां लिए स्काउट-गाइड कैडेट्स और रेलकर्मियों ने लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

प्रभात फेरी के जरिए रेलकर्मियों और आम नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक दिनचर्या और कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की गई। प्रभात फेरी के बाद मंडल कार्यालय परिसर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। पखवाड़े के दौरान मंडल के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, ट्रैक, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय और शौचालयों की डीप-क्लीनिंग तथा निगरानी की गई।

यात्रियों को नुक्कड़ नाटकों और उद्घोषणाओं के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया।मंडल से खुलने और गुजरने वाली यात्री ट्रेनों, बायो-टॉयलेट्स तथा पैंट्री कारों की सफाई और सैनिटरी जांच भी की गई। रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों, रनिंग रूम और वाशिंग पिट्स में अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्रमदान कर कचरा हटाया।

प्लास्टिक कचरे के पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया।डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता महज 15 दिन या एक माह का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर जीवनशैली है। उन्होंने रेलकर्मियों, सफाई मित्रों और स्काउट-गाइड कैडेट्स के योगदान की सराहना की।


















