पटना, 16 सितम्बर (पटना डेस्क) अररिया जिले के सिकटी प्रखंड के बरदाहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बेखौफ बदमाशों ने मोबाइल लूट का विरोध करने पर 25 वर्षीय युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रात करीब आठ बजे बरदाहा-ढेगरी सड़क मार्ग पर एसएम पब्लिक स्कूल परिसर स्थित मॉल और कांटाचौक के बीच हुई। बाइक सवार तीन अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायल युवक की पहचान ढेगरी गांव निवासी विनोद मल्लिक के पुत्र मुकेश मल्लिक के रूप में हुई है। वह मध्य विद्यालय सिंघिया में सफाईकर्मी है। मुकेश के अनुसार, मंगलवार को स्कूल का काम पूरा करने के बाद वह एक रिश्तेदार के घर रुका था।

रात करीब आठ बजे साइकिल से घर लौटने के दौरान मिश्रा मार्ट से कांटाचौक के बीच बाइक सवार तीन बदमाश उसका पीछा करने लगे। कुछ दूर आगे बढ़ने पर बदमाशों ने उसकी साइकिल रुकवा दी और जबरन जेब से मोबाइल निकाल लिया।मोबाइल लेकर भाग रहे बदमाशों का मुकेश ने विरोध किया और उनसे भिड़ गया। इसी दौरान एक अपराधी ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने हाथ में जा लगी। खून से लथपथ होकर मुकेश सड़क पर गिर पड़ा, जबकि तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। गोली चलने और युवक की चीख सुनकर आसपास के लोग तथा परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया। देर रात करीब 10:30 बजे उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों ने गोली से हुई चोट और अंदरूनी स्थिति की जांच के लिए सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सदर सुशील कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मुकेश और उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा उसका बयान दर्ज कराया।एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस टीम गठित कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों के भागने वाले संभावित रास्तों पर भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
















