पटना, 15 सितम्बर (पटना डेस्क) बिहार के मधेपुरा जिले में सोमवार शाम नया टोला चौक पर बाइक सवार बदमाशों ने 35 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है।मृतक की पहचान पुरैनी थाना क्षेत्र के योगीराज गांव निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता के रूप में हुई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विकास सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मोटरसाइकिल से नया टोला मध्य विद्यालय मैदान में चल रहे चहारदीवारी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे जब वह वहां से लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार पांच से सात अज्ञात बदमाशों ने उन्हें बाइक से गिरा दिया। इसके बाद हमलावरों ने करीब 200 मीटर तक पैदल दौड़ाकर उन पर 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन गंभीर रूप से घायल विकास को तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक के शरीर में कितनी गोलियां लगी थीं।मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि मृतक के पिता और बड़े भाई की पत्नी स्थानीय जनप्रतिनिधि हैं। पुलिस के मुताबिक विकास के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके विरुद्ध बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) भी लागू किया गया था।
















