बक्सर, 15 सितम्बर (विक्रांत) हिन्दी दिवस के अवसर पर दानापुर मंडल में राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए 14 से 30 सितंबर 2026 तक चलने वाले राजभाषा पखवाड़े का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक काम-काज में अधिक से अधिक हिन्दी के प्रयोग का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने कहा कि दानापुर मंडल ‘क’ क्षेत्र में आता है, इसलिए राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देना हमारी विशेष जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में सरल, सहज और आम बोलचाल के शब्दों का अधिकाधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए, ताकि हिन्दी आम जनता के लिए और अधिक सुगम एवं समझने योग्य बन सके। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक एवं उपस्थित अधिकारियों ने दानापुर मंडल की त्रैमासिक पत्रिका ‘रेलवाणी’ का भी विमोचन किया। श्री कुमार ने कहा कि पत्रिका के माध्यम से अधिकारी और कर्मचारी अपने विचारों, भावनाओं एवं अनुभवों को सरल भाषा में एक-दूसरे तक पहुंचा सकते हैं। इसका उद्देश्य पाठकों के बीच ज्ञान, सूचनाओं और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारियों का आदान-प्रदान करना है।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 16 सितंबर को राजभाषा प्रदर्शनी, 18 सितंबर को टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, 23 सितंबर को हिन्दी निबंध एवं वाक् तथा 25 सितंबर को कर्मचारियों के लिए राजभाषा क्विज आयोजित होगी। वहीं 28 सितंबर को अधिकारियों के लिए राजभाषा क्विज होगी। 30 सितंबर को सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इसी दिन मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के साथ पखवाड़े का समापन होगा।कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री राजीव कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक ओपी श्री वीरेंद्र कुमार, राजभाषा अधिकारी श्री शेखर नाथ झा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















