बक्सर, 11 सितम्बर (विक्रांत) पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने शुक्रवार को दानापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय एवं धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और रेल परिचालन व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम जहानाबाद स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद महाप्रबंधक गया स्टेशन पहुंचे, जहां प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, नवनिर्मित भवन समेत यात्री सुविधा और संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने और कार्यों को तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने गया जंक्शन से सोन नगर होते हुए गढ़वा रोड तक विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलपथ की स्थिति, अनुरक्षण, संरक्षा और परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया। अंकोरहा स्टेशन पर काराकाट के सांसद राजा राम सिंह से महाप्रबंधक ने संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

उन्होंने सांसद से सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। साथ ही एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय विद्युत संयंत्र से जुड़े रेल संपर्क और कोयला आपूर्ति के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।डाल्टनगंज स्टेशन पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम से भी रेल सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। वहीं धनबाद मंडल के बरवाडीह स्टेशन पर रेल परिचालन, सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्था की जांच की गई।रेलवे के अनुसार स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्लेटफार्म, सुगम आवागमन, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान दानापुर के डीआरएम विनोद कुमार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना और धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।


















