पटना, 11 सितम्बर (पटना डेस्क) भागलपुर जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दे दी। बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले में अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सरेआम हुई हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन करते हुए अपराधियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार हमलावरों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हत्या में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक रोहित पांडे भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

इधर, मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे काली पूजा समिति के अध्यक्ष पद और प्लॉटिंग से जुड़े विवाद की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, समिति के अध्यक्ष पद को लेकर पप्पू तांती का पूर्व अध्यक्ष शशि मोदी से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि शशि मोदी के नौकरी में जाने के बाद पप्पू तांती को अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन शशि मोदी दोबारा अध्यक्ष बनना चाहते थे। परिजनों का दावा है कि इसी विवाद को लेकर पप्पू तांती को कथित तौर पर धमकियां भी मिल रही थीं। उन्होंने शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी और उसके साथियों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और आरोपितों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
















