पटना 11 सितम्बर (पटना डेस्क) गोपालगंज में शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। बंजारी मोड़ के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक मिट्टी कारोबारी को रोककर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली कंधे के पास लगने से कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। जख्मी कारोबारी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभुक्का गांव निवासी शैलेश यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि शुक्रवार को शैलेश यादव बाइक से बंजारी मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुमन हॉस्पिटल के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।

गोली शैलेश यादव के कंधे के पास लगी और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की मदद से घायल कारोबारी को तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। गोली लगने से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन इसके बाद घायल कारोबारी को बेहतर चिकित्सा के लिए गोरखपुर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस वारदात के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद समेत कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। गोलीकांड के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
















